पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जर्जर तेलघानी ब्रिज की जगह बनेगा अंडरब्रिज, प्रक्रिया शुरू

जर्जर तेलघानी ब्रिज की जगह बनेगा अंडरब्रिज, प्रक्रिया शुरू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर | तेलघानी नाका चौक पर बने रेलवे ओवरब्रिज के जर्जर होने के बाद इसे भारी वाहनों के लिए बंद तो किया गया, लेकिन इस ब्रिज की उपयोगिता को समझते हुए अब यहां अंडरब्रिज बनाने की तैयारी है। इसे बनाने के लिए 32 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग ने अंडरब्रिज के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। टेंडर फाइनल होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

आमापारा से अग्रसेन चौक होते हुए तेलघानी नाका तक जाने वाली सड़क से इस अंडरब्रिज को जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ट्रैफिक इस ब्रिज से होकर गुजर सके। अंडरब्रिज के बनने से ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव कम होगा। वर्तमान में कोटा, मोहबाबाजार, गुढ़ियारी से होते हुए गोंदवारा-गोगांव तक जाने के लिए इसी ओवरब्रिज से ट्रैफिक जाता है। इस क्षेत्र में सड़कों के विस्तार की वजह से तेलघानी नाका ओवरब्रिज काफी व्यस्त हो गया है। गुढ़ियारी चौक से गोंदवारा तक केनाल रोड बन रहा है और इसके बनने के बाद रिंग रोड-2 भी अब सीधे स्टेशन से जुड़ जाएगा। जिस तरह शास्त्री चौक से फाफाडीह चौक होते हुए स्टेशन को जोड़ा गया है। इसी तर्ज पर जीई रोड से जुड़े आमापारा चौक से तेलघानी नाका होते हुए स्टेशन तक 40-40 फीट चौड़ी फोरलेन सड़क बन रही है।



आमापारा से गुढ़ियारी रोड चौड़ीकरण के बाद ही पीडब्ल्यूडी ने इस सड़क को स्टेशन चौक से भी कनेक्ट करने का प्लान तैयार किया है, ताकि शहर की बड़ी आबादी को इसकी सुविधा मिल सके। वहीं अब अंडरब्रिज बनने से लोगों को नए विकल्प मिल जाएंगे। अंडरब्रिज बनने से तेलघानी नाका चौक पर बने ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। भिलाई से जीई रोड होकर अाने वाला ट्रैफिक मोहबाबाजार से सीधे गुढ़ियारी होते हुए स्टेशन पहुंच जाएगा। दूसरी आेर रिंग रोड-2 से गोंदवारा-गुढ़ियारी होते हुए भी आने की सुविधा होगी। आउटर को शहर से जोड़ने के लिए भी तेलघानी नाका पर अंडरब्रिज जरूरी है। आमापारा-गुढ़ियारी फोरलेन सड़क से भी अंडरब्रिज को जोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को आने-जाने के लिए कई रास्ते की सुविधा मिल सके।

खबरें और भी हैं...