नया रायपुर में निवेशकों को लुभाने के लिए डिनर और गजल संध्या
इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्टर | रायपुर
नया को स्मार्ट बनाने दिशा में तैयारी शुरू हो गई है। यहां आबादी बढ़ाने के लिए कई सेक्टरों में नए प्रोजेक्ट लाए जाएंगे। एनआरडीए की ओर से निवेशकों को लुभाने के लिए रविवार को नया रायपुर में लोगों के लिए डिनर और गजल संध्या का आयोजन किया गया है।
सत्य साईं हास्पिटल के ऑडिटोरियम में शाम सात बजे से पद्मश्री पीनाज मसानी की गजल गायकी होगी। कार्यक्रम में खास लोगों को ही एनआरडीए ने आमंत्रित किया है। इससे पहले एनआरडीए के अफसर निवेशकों के किसी भी दिक्कत व सवाल को हल करने की कोशिश करेंगे। बताया गया है कि नया रायपुर में शामिल गांव भी स्मार्ट विलेज तौर पर विकसित किए जाएंगे।
नया रायपुर के विभिन्न सेक्टरों को तेजी से डेवलप करने की कवायद शुरू हो गई है। चूंकि नया रायपुर को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल किया गया है, इसलिए नया रायपुर स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन लिमिटेड (एनआरएससीसीएल) गठन किया गया है। स्मार्ट सिटी में शामिल करने के बाद नया रायपुर के एरिया बेस्ड डेवल्पमेंट पर 1263 करोड़ तथा पैन सिटी डेवल्पमेंट पर 415.7 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप विशेष प्रयोजन यान (स्पेशल पर्पज विकल) का भी गठन किया गया है।
धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं को सस्ती दरों पर प्लाट भी दिए गए हैं।
ये काम होंगे :
स्मार्ट सिटी मिशन का काम कई स्तर पर होगा। इसके तहत इंटरमोडल ट्रांजिट हब, कमाण्ड एंड कंट्रोल सिस्टम, एक्सपीरियंस सेंटर, ट्रेंड सेन्टर, अफोर्डेबल हाउसिंग, स्मार्ट रोड, बस स्टैण्ड, साइकिल स्टैण्ड, अरबन पार्क, हेल्थ एटीएम एवं सार्वजनिक उपयोग तथा शहरी प्रबंधन को सुनियोजित करने वाले काम शामिल है। शहर को हराभरा बनाने के लिहाज से भी काम होंगे। पब्लिक यूटिलिटी के लिहाज से स्मार्ट वाटर, एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट जैसे काम कराए जाएंगे। स्मार्ट मीटरिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ई-टॉयलेट, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाले काम होंगे।