पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर की दो और राशन दुकान में छापा केरोसिन के स्टॉक में मिली गड़बड़ी

शहर की दो और राशन दुकान में छापा केरोसिन के स्टॉक में मिली गड़बड़ी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर | शहर की दो और राशन दुकान में गड़बड़ी सामने आई है। वीर शिवाजी वार्ड में स्थित राशन दुकानों के ग्राहकों ने अफसरों से शिकायत की थी कि उन्हें तय समय में राशन नहीं मिल रहा है और शक्कर-मिट्टी तेल के लिए कीमत भी ज्यादा ली जा रही है। इसके बाद अफसरों की टीम ने वहां छापा मारा तो कई गड़बड़ियां सामने आई। वार्ड में राशन दुकान के संचालन का जिम्मा मां कंकाली महिला स्व सहायता समूह को दिया गया था। दोनों दुकानें एक ही जगह से संचालित की जा रही थी। लोगों की शिकायत पर सहायक खाद्य अधिकारी आरसी गुलाटी, खाद्य निरीक्षक भारती हर्ष, संजय कौशिक, सोनल चंद्राकर और नापतौल विभाग के निरीक्षक के साथ दुकान की जांच की गई।

जांच में पता चला कि स्टॉक में मिट्टी तेल का स्टॉक माइनस 112 लीटर दिखाया जा रहा था। दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक कांटे और मिट्टी तेल देने वाले एक लीटर के माप को सत्यापित नहीं कराया गया था। दुकान के सेल्समैन ने स्वीकार किया कि मिट्टी का तेल लोगों को नहीं बांटा जा रहा था और उसकी इंट्री स्टॉक टेबलेट में की जा रही थी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने वार्ड में घूमकर कई लोगों के बयान दर्ज किए। जिसमें लोगों ने बताया कि उन्हें दो साल से मिट्टी तेल नहीं मिल रहा और तौल में चावल भी कम दिया जा रहा है। कुछ लोगों की शिकायत थी कि दुकान के संचालन का जिम्मा महिला स्व सहायता समूह को दिया गया है, लेकिन दुकान पुरुषों की ओर से चलाई जा रही है। अफसरों ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दुकान के संचालन के दौरान छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसलिए इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। जांच रिपोर्ट खाद्य नियंत्रक और कलेक्टर को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

खबरें और भी हैं...