भास्कर न्यूज | नकुलनार/किरन्दुल (छग)
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के मादाड़ी नाले के पास नक्सलियों ने रविवार सुबह 11.15 बजे आईईडी से विस्फोट कर पुलिस की एसयूवी को उड़ा दिया। हमले में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स और डिस्ट्रिक्ट फोर्स के सात जवान शहीद हो गए। पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक जवान ने किरंदुल और दूसरे ने रायपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
ब्लास्ट इतना तेज था कि गाड़ी तीन टुकड़ों में टूट गई। तीनों टुकड़े हवा में उड़ते हुए 15 से 20 फीट दूर नाले में जा गिरे। विस्फोट के बाद नक्सली 4 एके-47, 2 इंसास और दो हैंडग्रेनेड व गोलियां लूटकर भाग गए।
एसपी कमलोचन कश्यप ने बताया कि रविवार को किरंदुल से पालनार के बीच बन रही सड़क के लिए निर्माण सामग्री आई थी। इन गाड़ियों को सुरक्षा देने के लिए किरंदुल थाने से सीएएफ और डीएफ के सात जवानों की संयुक्त पार्टी महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी से भेजी गई थी। जवान जब चोलनार से वापस लौट रहे थे तो नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया।