विधायक ने मंडी में गेहूं की आवक का लिया जायजा
भास्कर न्यूज| बरवाला/रायपुररानी
विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को बरवाला की अनाजमंडी का दौरा कर गेहूं की आवक की दिशा में किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। विधायक ने इसके साथ साथ गेहूं की खरीद, नापतोल तथा गेहूं का उठान व किसानों को गेंहू की पेमेंट के भुगतान का निरीक्षण किया। विधायक ने इस मौके पर अपने समक्ष गेहूं की बोरी का नाप-तोल भी करवाया जो सही पाया गया। विधायक ने किसानों से पूछा कि उन्हें अपनी गेंहू बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही। किसानों ने बताया कि उन्हें गेहूं बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही। इस वर्ष 23 क्विंटल प्रति एकड़ का उत्पादन हुआ है और वे इससे काफी खुश हैं। विधायक ने किसानों की गेहूं की ढेरियों पर जाकर गेहूं का निरीक्षण किया तथा मंडी में किसानों की सुविधा के लिए बिजली, पानी, शौचालय, बारदाना के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की ताकि किसानों को मंडी में गेहूं बेचने के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न आए। विधायक ने स्वयं मंडी में शौचालयों का निरीक्षण भी किया। विधायक ने मंडी में अब तक गेंहू की आवक के बारे में पूछताछ की। इस अवसर पर विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनी। इस मौके पर उनके साथ मार्किट कमेटी बरवाला के चेयरमैन बल सिंह राणा, युवा मोर्चा बरवाला के अध्यक्ष परमजीत राणा मोजूद रहे।