भास्कर न्यूज | रायपुररानी/बरवाला
जिला रेड क्रॉस शाखा की ओर से वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांदना में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला रेड क्रॉस शाखा के जिला प्रशिक्षण अधिकारी रमेश चौधरी के मुताबिक शिविर में विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला प्रशिक्षण अधिकारी रमेश चौधरी व नीलम कौशिक फर्स्ट एड ट्रेनर ने प्रैक्टिकल करके बताया कि यदि सांस नहीं आ रहा तो मुंह से मुंह विधि द्वारा किस प्रकार सांस दें, हृदय काम करना बंद कर दे तो उस व्यक्ति को सीपीआर दें तथा घायल व्यक्ति को एंबुलेंस तक विभिन्न तरीकों से ले जाने की विधियों को सिखाया गया। प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण हर व्यक्ति के लिए जरूरी है ताकि समय रहते घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सके। इस कार्यक्रम के लिए प्रधानाचार्या बिमला श्योराण ने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों के लिए बहुत जरूरी है।