भास्कर न्यूज | रायपुररानी/बरवाला
राजकीय कन्या उच्च विद्यालय रायपुररानी को अपग्रेड किए जाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। यह मांग पिछले वर्षों से लगातार उठ रही है। रायपुररानी में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय लंबे समय से है। वर्तमान में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय आईटीआई के समीप बिल्डिंग में चल रहा है। पूर्व के वर्षों में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय वर्तमान में निर्माणाधीन प्राइमरी स्कूल बिल्डिंग में हुआ करता था। वर्तमान भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को अपग्रेड किए जाने की मांग की जा रही है। विद्यालय में रायपुररानी व आसपास के गांवों से लड़कियां शिक्षा ग्रहण करने आती हैं। यहां पर राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को अपग्रेड किए जाने से लड़कियों को स्कूल में ही 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की सुविधा हासिल हो जाएगी। विद्यालय को अपग्रेड किए जाने की मांग पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार उठ रही है। ग्राम पंचायत रायपुररानी के सरपंच मुकेश छाबड़ा, पूर्व सरपंच स्नेह लता राणा, पूर्व उप सरपंच रामपाल राणा तथा इलाकावासियों ने शिक्षा विभाग से रायपुररानी के राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को अपग्रेड किए जाने का अनुरोध किया है ताकि लड़कियों को विद्यालय में ही 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की सुविधा हासिल हो जाए। इधर, जब इस बारे खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी सतपाल से चर्चा की तो बताया कि इस बारे उच्च अधिकारी ही बता सकते हैं।