हवा में चक्रवात की स्थिति,शाम को चली तेज हवा,बूंदाबांदी हुई
6 लाख क्विंटल गेहूं खरीदी केंद्रों पर खुले में पड़ा, भीगने का खतरा
भास्कर संवाददाता| रायसेन
जिले के खरीदी केंद्रों पर परिवहन के अभाव में खुले में पड़े गेहूं के भीगने का खतरा बना हुआ है। ट्रासपोर्टरों को नोटिस देने के बाद भी परिवहन की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इसके चलते जिले के 146 खरीदी केंद्रों पर 6 लाख क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा हुआ है।
इसके अलावा किसानों का गेहूं अलग है, जबकि जिले में मौसम बिगड़ा हुआ है। शनिवार को दोपहर 4 बजे के बाद अचानक तेज हवा चलना शुरू हो गई। इससे शहर की सड़कों पर पहले तो धूल उड़ती रही। इसके बाद दोपहर 4.24 बजे बूंदाबांदी होने लगी जो करीब 10 मिनट तक चली।
ये है गेहूं खरीदी का गणित
गेहूं खरीदी के लिए बनाए गए 146 खरीदी केंद्रों पर शनिवार तक 15 लाख 35 हजार 781 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई है। इसमें 9 लाख 6 हजार 539 क्विंटल गेहूं का ही परिवहन सुरक्षित स्थानों पर किया जा सका है। 5 लाख 98 हजार 248 क्विंटल गेहूं खरीदी केंद्रों पर खुले में रखा हुआ है।
इसलिए आया बदलाव
भोपाल मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश चंदेल ने बताया कि गुजरात,मप्र और राजस्थान के कुछ हिस्से की ऊपरी हवा में चक्रवात की स्थिति बनी हुई है। हालांकि अब इसका प्रभाव कम होता जा रहा है। दो दिन और हवा के साथ बूंदाबांदी की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद आसमान साफ होने लगेगा। दो दिन बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।