पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीन दिन बाद भी पूरी नहीं हुई जांच किसानों का नहीं हो पाएगा भुगतान

तीन दिन बाद भी पूरी नहीं हुई जांच किसानों का नहीं हो पाएगा भुगतान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गैरतगंज सोसायटी से बम्होरी के गुरु साहिब वेयर हाउस पर आए 820 क्विंटल घुना गेहूं के मामले में तीन दिन बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई है। जांच करने वाले अधिकारियों की मानें तो अभी जांच पूरी होने में दो-तीन दिन और लग सकते हैं। ऐसी स्थिति में उन किसानों का भुगतान अटक जाएगा, जिन्होंने गैरतगंज सोयायटी पर अपना गेहूं बेचा था। गेहूं का भुगतान अटकने से किसानों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। हालांकि जांच अधिकारी प्रथम दृष्टया सोसायटी प्रबंधक, केंद्र प्रभारी, क्वालिटी चेकर और हम्मालों काे दोषी मान रहे हैं। जांच के बाद इन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही जा रही है, जबकि गेहूं बेचने वाले किसान को अधिकारी दोषी मानकर चल रहे हैं।

बम्होरी के गुरु साहिब वेयर हाउस पर गैरतगंज की विपणन सहकारी समिति से रविवार और सोमवार को गेहूं से भरे चार ट्रक आए थे। जब ट्रकों में भरे गेहूं का सत्यापन करने के लिए बाेरियों से गेहूं निकालकर उनकी जांच की गई तो उनमें घुना हुआ पुराना गेहूं होना पाया गया। इसके बाद से नागरिक आपूर्ति निगम, एफसीआई और खाद्य विभाग के अधिकारी जांच करने में जुटे हुए हैं। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ आरपी हजारी भी मंगलवार को उक्त गेहूं की जांच करने के लिए वेयर हाउस पर पहुंचे। सोमवार को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के गुण नियंत्रक दीपक ठोसर भी आए थे। उनका इस गेहूं के बारे में कहना था कि यह गेहूं तो बहुत ज्यादा खराब है।

यह गेहूं तो उपयोग करने लायक तक नहीं है। उन्होंने ऐसी रिपोर्ट अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी है। हालांकि अभी अन्य जांच अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को नहीं सौंपी है, जिससे जिम्मेदारों पर कार्रवाई अटकी हुई है।

नागरिक आपूर्ति निगम और खाद्य विभाग के अधिकारी कर रहे है जांच

सरकार को हुए नुकसान की साेसायटी प्रबंधक से होगी भरपाई

किसानों को नहीं हो पाएगा भुगतान

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ आरपी हजारी ने बताया कि घुना गेहूं किसने बेचा या फिर बेचे गए गेहूं में पुराने गेहूं को मिक्स कर दिया गया। इस बिंदु पर जांच चल रही है। लाट नंबर के अाधार पर किसान से भी पूछताछ की जाएगी। जब तक इस मामले की जांच चलेगी, तब तक किसानों को बेचे गए गेहूं का भुगतान नहीं हो पाएगा, क्योंकि नागरिक आपूर्ति निगम ने उक्त गेहूं का भुगतान रोक दिया है। वेयर हाउस पर रखे जब्त गेहूं का मूल्य करीब 16 लाख 40 हजार रुपए है, जिसका भुगतान किसानों को हाेना है, जो जांच पूरी होने तक रुका रहेगा।

बम्होरी के वेयर हाउस में इस ट्रक में आया घुना हुआ गेहूं

कैसे हुई गड़बड़ी

नए के साथ पुराने घुने गेहूं को खपाया

गैरतगंज की मंडी में गेहूं खरीदी केंद्र बनाया गया है। मंडी के अंदर व्यापारियों की दुकानें हैं। सोसायटी के कर्मचारियों ने व्यापारियों के साथ सांठगांठ करके उनके पुराने गेहूं को खपाने के लिए किसानों के नए गेहूं के साथ उसे बाेरियों में भरकर योजनाबद्ध तरीके से ट्रकों में लोड करवा दिया। जांच अधिकारी इस बिंदु पर भी जांच कर रहे हैं। वे इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि कर्मचारियों ने किस व्यापारी का माल खपाने का प्रयास किया है।

दोषी के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर

वेयर हाउस पर आए पुराने घुने गेहूं की जांच अभी पूरी नहीं हो पाई है। जबलपुर से आए गुण नियंत्रक की रिपोर्ट के साथ सभी तथ्यों के साथ रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। -एमएस तोमर, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम रायसेन

खबरें और भी हैं...