- Hindi News
- National
- गरीब परिवारों का किया जाएगा पांच लाख रुपए का बीमा, मिलेगी इलाज की सुविधा
गरीब परिवारों का किया जाएगा पांच लाख रुपए का बीमा, मिलेगी इलाज की सुविधा
आयुष्मान भारत योजना के लिए कर्मचारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
भास्कर संवाददाता। रायसेन
आयुष्मान भारत योजना के तहत अब प्रत्येक गरीब परिवारों को पांच लाख रुपए तक का बीमा किया जाएगा। इसे प्रतिवर्ष सुरक्षा कवच के नाम से प्रदान किया जाएगा। इसके तहत बीमित परिवार को बीमार होने पर चिन्हित अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। योजना के क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
योजना में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी। इस योजना में मध्यप्रदेश के 58 लाख परिवारों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। इस योजना का लाभ दिलाने के लिए कर्मचारी सर्वे करेंगे फिर इसे ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाना शुरू कर दिया है। जिले में 15 अगस्त से आयुष्मान भारत योजना शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस योजना में हितग्राहियों का निर्धारण वर्ष 2011 की जनगणना से किया जाएगा।