जिला भारत स्काउट-गाइड संघ रायसेन की ओर से सांची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए शीतल जल सेवा प्रारंभ की गई है। इस जल सेवा के तहत सांची और सलामतपुर स्कूल के स्काउट और गाइड द्वारा सांची के रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय आने जाने वाली ट्रेनों की खिड़कियों पर पहुंच कर यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध करा रहे है।
सांची रेलवे स्टेशन पर सुबह 8 बजे से लेकर पौने ग्यारह बजे तक विंध्याचल, मेमू ट्रेन, इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस और जोधपुर-भोपाल ट्रेन का स्टापेज है। इन ट्रेनों के रुकते ही उनमें सफर कर रहे यात्रियों की पानी की बॉटलों को खिड़कियों पर जाकर स्काउट-गाइड के छात्र भर रहे हैं। स्काउट गाइड की यह सेवा भावना देखकर यात्रियों द्वारा उनकी तहे दिल से प्रशंसा की जा रही है। क्याेंकि गर्मी के मौसम में यात्रियों को अब ट्रेन के भीतर ही शीतल जल उपलब्ध होने लगा है। पानी भरने के चक्कर में कई यात्रियों की ट्रेन छूट जाती थी या फिर दौड़कर उसे पकड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता था। यात्रियों को अब इस समस्या से मुक्ति मिल गई है।
सरोकार
जिला भारत स्काउट गाउड संघ रायसेन ने सांची स्टेशन पर शुरू की शीतल जल सेवा का शुभारंभ
सेवा करने से मन को मिलती है खुशी
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को शीतल जल पिला रहे स्काउट गाइड के सदस्य अभिषेक रघुवंशी, प्रदीप सूर्यवंशी, शिवानी प्रजापति, प्रज्ञा नेमा, निकिता प्रजापति, तनीषा अहिरवार, प्रीति प्रजापति और मेघा नेमा ने बताया कि गर्मी के दिनों में जल पिलाने पुण्य का काम होता है। यहां पर उन्हें यह सेवा करने से मन को बहुत खुशी हो रही है।
शीतल जल सेवा का किया शुभारंभ
शुक्रवार को सांची रेलवे स्टेशन पर जिला भारत स्काउट गाइड संघ के उपाध्यक्ष एनके शर्मा, जिला सचिव हरिनारायण सोनी, जिला कोषाध्यक्ष दिलीप सिंह बघेल, जिला संगठक सुशील बिल्लोरे, स्काउट मास्टर नित्येंद्र सिंह राजपूत, प्रमोद मेहरा, गाइडर उषा सराठे स्काउट गाइड ने स्वयं यात्रियों को शीतल जल पिलाया और जल सेवा का शुभारंभ किया।