रायसेन| नौतपा से पहले ही तेज गर्मी ने सबको बेहाल कर दिया है। दिन का पारा 43.9 डिग्री पर पहुंच गया है, जिससे पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। मौसम में उमस और गर्मी ज्यादा होने से कूलर व पंखे बंद होते ही लोगों के शरीर से पसीना टपकने लगता है। इसका सीधा असर लोगों के जनजीवन पर पड़ रहा है। शाम को मौसम में आए बदलाव से आसमान पर बादल छा गए और बूंदाबांदी भी हुई। सोमवार सुबह 8 बजे से ही सूर्य देव की किरणें तीखी होना शुरू हाे गई थीं। दोपहर 12 बजे ही पारा 41 डिग्री पर आ गया, जिससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान होना पड़ा। झुलसा देने वाली गर्मी के कारण लोग दोपहर के समय बाहर निकलने से बचते रहे। लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए दिन में गमछे आदि कपड़ों से चेहरा ढंककर निकलते दिखाई दिए। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि सोमवार को दिन का पारा 43.9 डिग्री और रात का तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
3 दिन बाद नौतपा, 5 दिन ज्यादा तपेंगे
सूर्य का रोहणी नक्षत्र में प्रवेश 25 मई की शाम से होगा। इसी के साथ नौतपा की शुरुआत भी होगी जो 3 जून तक चलेंगे। यह 26 मई से असर दिखाएगा। ज्योतिष के अनुसार नौतपा के पहले 5 दिन खूब तपेंगे। हालांकि मौसम विभाग ने नौतपा के दौरान बारिश की संभावना भी जताई है। इससे तापमान में थोड़े समय के लिए गिरावट आ सकती है।