पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आठ समितियां 99 फड़ों पर करेंगी तेंदूपत्ता की खरीदी

आठ समितियां 99 फड़ों पर करेंगी तेंदूपत्ता की खरीदी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| गैरतगंज

सामान्य वन मंडल रायसेन के गढ़ी वन परिक्षेत्र के तहत तेंदूपत्ता खरीदी का कार्य शुरू कर दिया गया है। वन विभाग के तहत 8 समितियां 99 फड़ों पर तेंदूपत्ता खरीदेंगी। इस बार तेंदूपत्ता तोड़ने वाले मजदूरों को शासन की योजना के तहत बोनस के अलावा अन्य प्रोत्साहन सामग्री भी दी जाएगी।

गैरतगंज तहसील के गढ़ी वन परिक्षेत्र में तेंदूपत्ता तुड़ाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। तेंदूपत्ता तुड़ाई एवं खरीदी का यह कार्य लगभग एक जून तक लगातार संचालित होगा। तेंदूपत्ता खरीदी वन विभाग की आठ समितियों के तहत स्थापित किए गए 99 केंद्रों पर स्थित फड़ों पर की जा रही है। वन विभाग के रेंजर एके झंवर ने बताया कि इस बार विभाग द्वारा 13892 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें विभाग को एक करोड़ तीन लाख पत्ती प्राप्त होगी। तेंदूपत्ता तोड़ने के कार्य में लगे हुए मजदूरों को 200 रुपए सैकड़ा की दर से मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। तेंदूपत्ता तुड़ाई के इस कार्य का लघु वनोपज संघ के महाप्रबंधक जब्बार हुसैन ने गढ़ी एवं हैदरी पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मजदूरों के घरों पर पहुंचकर उन्हें तेंदूपत्ता संग्राहकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण सहायता योजना के बारे में बताया कि संग्राहकों की सामान्य मृत्यु होने पर शासन द्वारा दस हजार रुपए दिए जाते हैं। इस बार शासन ने तेंदूपत्ता तोड़ने का कार्य करने वाले मजदूरों के परिवार को बोनस के अलावा पृथक से प्रोत्साहन सामग्री देने का निर्णय लिया है। इसके तहत हर परिवार में एक महिला एवं एक पुरुष को पानी की एक.एक कुप्पी एवं जूते चप्पल भी दिए जाएंगे। महाप्रंबधक ने ग्राम सगौर मे बनाए जा रहे लघु वनोपज संघ के नवीन आंगनबाड़ी भवन एवं सागर भोपाल रोड मनकापुर जोड़ पर बनाए जा रहे यात्री प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया। महाप्रबंधक के े साथ सीसीएफ अभय नेमा, डीएफओ राजेश खरे, अखिलेश मौजूद रहे।

गैरतगंज क्षेत्र के गढ़ी वन परिक्षेत्र में तेंदूपत्ता की तुड़ाई का काम चल रहा है। इसका निरीक्षण करने पहुंचे अफसर।

खबरें और भी हैं...