शनिदेव की कृपा पाने लोगों ने कराया अनुष्ठान
दशहरा मैदान स्थित नवग्रह शनि मंदिर में शनि जयंती पर लोग शनिदेव की कृपा पाने के लिए किसी ने अनुष्ठान कराया तो किसी ने शनि की वस्तुओं का दान किया।सुबह से लेकर देर शाम तक शनि मंदिर में लोगों के आने जाने का सिलसिला चलता रहा। इस मौके पर हवन, जप-तप कर पूजन अर्चना की गई। महाआरती में श्रद्धालु उत्साह पूर्वक शामिल हुए।
नवग्रह शनिदेव मंदिर में सुबह भगवान शनि महाराज का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने दरबार में मत्था टेक कर परिवार की सुख समृद्धि और कारोबार की उन्नति की कामना की। मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहुतियां छोड़ी। वहीं शाम के समय मंदिर परिसर में नगर भण्डारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंच कर भोजन प्रसादी ग्रहण की। भगवान शनिदेव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में पूजन पाठ के साथ लोगों ने सर्वार्थ सिद्धि योग में बाजार से जरूरी सामान की खरीदी भी की।भक्तों ने भगवान शनि महाराज को काला कपड़ा, काली उड़द ,काली तिल,तेल,घोड़े की लोहे की नाल अर्पित किया।साथ ही मिठाई, चना चिरौंजी,नारियल, मिश्री, रेबड़ी आदि का भोग लगाया। नवग्रह शनिदेव मंदिर के पुजारी पंडित राजू जोशी एवं सुनील जोशी ने अनुष्ठान कार्य संपन्न कराए।