आगामी तीन दिनों तक इसी तरह बना रहेगा मौसम
भास्कर संवाददाता| रायसेन
नौतपा लगने में अभी समय है लेकिन रोज नौतपे जैसी ही गर्मी पड़ रही है। हालत यह है कि तापमान 44 डिग्री से ऊपर चल रहा है। इसके चलते गर्मी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इतना ही नहीं आगामी दिनों में भी गर्मी से कोई राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है।
तीसरे दिन फिर जिले का अधिकतम तापमान बढ़कर 44 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं दो दिन पहले तापमान 44.4डिग्री तक पहुुंच गया था, जो शनिवार को थोड़ा गिरकर 43.6 पर आ गया था, लेकिन अगले ही दिन फिर तापमान में उछाल आ गया। गर्मी को देखते हुए शहर में नगरपालिका द्वारा ठंडे पानी के लिए लगाए गए वाटर कूलर सहारा बने हुए हैं, वहीं कई जगह समाज सेवियों ने भी अपनी तरफ से जल सेवा के लिए प्याऊ लगाए हैं। इससे आम लोगों को ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो रहा है।
मौसम में आगे क्या
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल से सेवानिवृत्त मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र नायक के मुताबिक रायसेन जिले में लू चलने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही और भी कई जिलों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। श्री नायक ने बताया कि आगामी तीन दिनों तक मौसम स्थिर रहेगा और 23 मई तक भारत में प्री मानसून दस्तक दे देगा। अंडमान निकोबार दीप में मानसून 23 मई तक अा जाएगा।