सातवां वेतनमान नहीं देने पर पेंशनरों ने सरकार को कोसा
रायसेन। रविवार को यशवंत गार्डन में हुए जिला पेंशनर एसोसिएशन के वार्षिक सम्मेलन में जिले भर के पेंशनर एकत्रित हुए। यहां पर उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा सातवां वेतनमान का लाभ नहीं देने पर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए जमकर कोसा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जमना सेन थे। इस दौरान श्री सेन ने कहा कि आप समस्त पेंशनर्स मेरे अभिभावक एवं पिता तुल्य हैं। मैं आपसे सम्मान नहीं करा सकता। आपने शासन की सेवा में अपने जीवन के साठ वर्ष दिए हैं और अब आप समाज की कल्याणकारी योजनाओं के विषय में कार्य कर रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी पेंशनरों का शाल श्रीफल एवं पुष्प मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में पेंशनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष यूपीएन सक्सेना ने कहा कि पेंशनरों को सातवें वेतनमान का लाभ न देकर सराकर उनके साथ अन्याय कर रही है। इस अवसर पर मुरारीलाल अग्रवाल, सलाह उद्दीन खालिद कोटी, हनुमान प्रसाद शर्मा, आरबीएम श्रीवास्तव शामिल हुए।