बंधान वाली मैया के दरबार में पाठ कराने लगता है नंबर
भास्कर संवाददाता|रायसेन/ मंडीदीप
भोजपुर रोड पर मां चामुंडा बंधान वाली मैया का प्राचीन मंदिर है। यहां की विशेषता यह है कि मंदिर में 15 साल से अखंड रामचरित मानस पाठ के बाद अब निरंतर सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। यहां पाठ कराना इतना आसान भी नहीं है। अब तो हालात ये हैं कि एडवांस बुकिंग होने से लोगों को पाठ कराने के लिए नंबर तक लगाना पड़ता है। शक्तिपीठ में भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होने से मां के दरबार में आस्था बढ़ने के साथ यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है।
मंदिर समिति के सदस्य और पूर्व मंडी अध्यक्ष नरेंद्र चौकसे बताते हैं कि शुरुआत में आसपास के गांव के लोग कभी-कभी ही पाठ करते थे। धीरे धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई। फिर समिति ने 8-10 लड़कों की एक टोली सुंदरकांड का पाठ करने के लिए नियुक्ति कर ली। तब 51 रुपए प्रति पाठ के लिए जाते थे जो अब बढ़ाकर 251 रुपए कर दिए। पाठ करने वालों को दो हजार रुपए महीना दिया जाता है। यदि कोई श्रद्धालु पाठ कराना चाहता है तो वह 251 रुपए का सहयोग कर अपनी ओर से पाठ करा सकता है। वे कहते हैं कि यह ऐसी शक्तिपीठ है जहां से लोग खाली हाथ नहीं लौटते। लोगों की आस्था बढ़ने से अब तो यहां पाठ कराने के लिए एडवांस बुकिंग करानी पड़ती है। अभी 70 से अधिक लोगों ने पाठ कराने के लिए बुकिंग करा चुके हैं।