सरकारी गेहूं में हेराफेरी: हम्मालों और वाहन चालकों पर एफआईआर दर्ज
रायसेन |विलारा उपार्जन केन्द्र से गेहूं का परिवहन करते समय वाहन में अतिरिक्त गेहूं की मात्रा पाए जाने पर सोसायटी प्रबंधक सुभाष शुक्ला की शिकायत पर उपार्जन केन्द्र विलारा के मुकद्दम सहित 10 हम्मालों और संबंधित ट्रक के ड्राइवर, क्लीनर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
9 अप्रैल को रात्रि में विलारा उपार्जन केन्द्र से ट्रक क्रमांक यूपी 81 बीटी 7726 में गेहूं लोड कर गोदाम के लिए रवाना किया गया था, लेकिन खरगावली के पास 15 गेहूं की बोरियां उतारकर ऑटो क्रमांक एमपी 04-आरए4060 में रखवा दी गई थीं । सूचना मिलते ही पुलिस ने रात में ही ऑटो के साथ दो ट्रकों को थाने में लाकर खड़ा करवा लिया था। इस पूरे मामले की जांच कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी हुमा हुजूर और वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक ओपी राय द्वारा की गई थी। जांच के बाद 7 क्विंटल 50 किलो गेहूं वजन की 15 बोरियां सरकारी गोदाम में जमा कराई गईं। जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें हम्माल पप्पू कुशवाह, संजय कुशवाह, रिंकू कुशवाह, शेरू कुशवाह, भरोसी कुशवाह, राजू कुशवाह, बाबू मालवीय, राजू कुशवाह, राहुल कुशवाह, संतोष कुशवाह, ड्राइवर नरेन्द्र उर्फ नारायण, क्लीनर फैजान और मुकद्दम मुकेश कुशवाह शामिल हैं।