6 घंटे गुल रही बिजली, नहीं हुई जल सप्लाई
शहर में शुक्रवार को सुबह से लेकर दोपहर तक छह घंटे बिजली गुल रही। इसके चलते घरेलू कामों में महिलाएं और दूसरे कामों को लेकर पुरुष परेशान हुए। बिजली कंपनी से मिली जानकारी के मुताबिक विदिशा से रासयेन तक डबल फीडर का काम किया जा रहा है, इसलिए छह घंटे तक शहर की बिजली बंद रखी गई थी।
शहर के अर्जुन नगर में रहने वाले वकील धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सुबह बिजली न होने उनके मकान के छत पर रखी टंकी नहीं भरी जा सकी। इसके चलते दिन भर पानी के लिए परेशान होना पड़ा, ओमप्रकाश चक्रवर्ती का कहना है कि बिजली न होने से वे दोपहर तक रजिस्ट्री दरें पता नहीं कर पाए। इसी तरह से शहर के बृज बिहारी मिश्रा भी रजिस्ट्री के लिए स्टॉप की फोटो कॉपी नहीं करा पाए। इसी तरह से शहर के अधिकतर लोगों को बिजली गुल होने से परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
दोपहर दो बजे के बाद आई बिजली : बिजली कंपनी ने एक दिन पहले ही बिजली बंद रहने की सूचना दी थी, लेकिन इसका समय सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक बताया गया था, लेकिन बिजली दो बजे के बाद ही चालू हो पाई। बिजली बंद होने से घरों में पंखे और कूलर भी नहीं चल पाए। इसके चलते लोग तेज गर्मी से भी परेशान रहे।