मंडी में तुलाई न होने से नाराज किसानों ने किया हंगामा
जिले के खरीदी केंद्रों से गेहूं का परिवहन नहीं हो पा रहा है। इससे केंद्रों पर गेहूं के ढेर लगे हुए हैं। ऐसी स्थिति में केंद्रों पर गेहूं को रखने की समस्या खड़ी हो गई है। वहीं बारदाना के अभाव में कृषि उपज मंडी में तुलाई नहीं होने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। बाद में आनन-फानन में बारदान बुलाया गया और तुलाई शुरू कराई गई, तब किसान शांत हुए। परिवहन के अभाव में केंद्रों पर 5 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं खुले में पड़ा है, जिसे बारिश और दीमक से बचाने के लिए सोसायटी के कर्मचारियों को मशक्कत करना पड़ रही है। केंद्रों से समय पर गेहूं का परिवहन नहीं करने पर जिला नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक ने जिले के सातों ठेकेदारों को नोटिस दिए हैं। इसके बाद भी उनके द्वारा परिवहन कार्य में सुधार नहीं किया जाता है तो उनके खिलाफ पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
रायसेन जिले में 146 खरीदी केंद्रों पर गेहूं की खरीदी चल रही है। यहां पर अब तक 14797 किसानों से 12 लाख 9 हजार 431 क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी है। इसमें से मात्र 3 लाख 79 क्विंटल गेहूं का ही परिवहन हो पाया है, जबकि 5 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं खरीदी केंद्रों पर खुले में पड़ा हुआ है। केंद्रों से गेहूं को उठाकर गोदाम तक सुरक्षित पहुंचाने में परिवहन ठेकेदारों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।