नेताओं को अब चुनाव का डर सताने लगा है। ऐसा ही एक वाकया उस दौरान सामने आया जब शहर में गुरुवार के दिन दो छात्रावास भवनों का भूमिपूजन कार्यक्रम रखा गया। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में पीआईयू द्वारा मंत्रियों से नाम पटि्टका अनावरण कर भूमिपूजन किया गया। इस पर प्रभारी मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा की मौजूदगी में वनमंत्री डाॅ. शेजवार बोले, भैया इस नाम पटि्टका को संभालकर रखना नहीं तो बाद में कहो कि मिल ही नहीं रही है। भवन निर्माण पूरे होने से पहले चुनाव आ जाएंगे। इस पटि्टका काे भवन पर लगना चाहिए। इस पर पीआईयू ईई हरिसिंह ने वनमंत्री डॉ. शेजवार से कहा कि अगली बार भी आप ही चुनाव जीतकर आएंगे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता किरार, भंवरलाल पटेल, महामंत्री राकेश तोमर, ऋषिनाथ कुशवाह, नगर मंडल अध्यक्ष मिठ्ठूलाल धाकड़, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष वर्षा लोधी सहित भाजपा पार्षद मौजूद थे।
सागर रोड स्थित कन्या स्कूल परिसर में 100 सीटर छात्रावास का भूमिपूजन किया गया
दोनों मंत्रियों के भाषण में विधानसभा चुनाव की बात
प्रभारी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा- कांग्रेस को लेकर गलतफहमी में न रहें :जिले के तीनों मंत्रियों का बढ़ा कद होने को लेकर प्रभारी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने कहा कि वे जिले में तीनों वरिष्ठ मंत्रियों के संरक्षण में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा वनमंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बहुत काम करवाएं हैं। सीएम की तारीफ करते हुए कहा कि हम सब एक कुशल नेतृत्व में काम कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस की सक्रियता को लेकिन प्रभारी मंत्री ने कहा अब धीरे-धीरे कांग्रेसी बाहर निकलने लगे हैं। कार्यकर्ता गलतफहमी में न रहें।
फ्लेक्स पर नहीं था प्रभारी मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा का फोटो
सागर रोड़ स्थित कन्या स्कूल परिसर में उत्कृष्ट बालिका छात्रावास के भूमिपूजन के लिए अलग कार्यक्रम रखा गया था। परिसर में बनाए गए मंच पर लगाए फ्लेक्स में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा का फोटो नदारद था। यह देखकर डॉ. शेजवार ने जब नाराजगी जताई तो आनन-फानन में कार्यकर्ता और अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री के फोटो वाला फ्लेक्स मंच के नीचे तरफ लगाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की गाइड लाइन पर काम शुरू
मप्र में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा चुनावी मोड़ में आ गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बनाई गई गाइडलाइन का पालन भी शुरु हो गया है। इसी के तहत छात्रावासों के भूमिपूजन कार्यक्रम के पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रभारी मंत्री ने वन टू वन कार्यकताओं और भाजपा पदाधिकारियों से उनके सुझाव लेने के साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनी गई।
शेजवार-पहले पैसा निकलते हैं फिर बुराई करते हैं
छात्रावास के लोकार्पण कार्यक्रम के मंच से वनमंत्री गौरीशंकर शेजवार ने कांग्रेस का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को बुरा लगता है। वे पहले बैंक से पैसा निकालते हैं बाद में बुराई करते हैं। वनमंत्री ने अधिकतर समय सीएम शिवराजसिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने कर्मचारियों की तरह किसानों को एरियर दिलवाया है। वहीं प्रभारी मंत्री तो इस तरह से काम करते हैं जैसे उन्हीं की विधानसभा हो। पानी की समस्या को देखते हुए वनमंत्री ने कहा कि हम प्रयास करेंगे की किसी भी कीमत पानी की समस्या दूर हो।
एक नजर में दोनों छात्रावास
शहर के सरकारी उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग 100 सीटर छात्रावासों को निर्माण किया जाएगा। इनका निर्माण कार्य पीआईयू द्वारा कराया जाएगा। ये छात्रावास दो मंजिला होंगे। इनमें 48 कमरे, डायनिंग रूम, किचिन सहित आवश्यक सभी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। बालक छात्रावास 3 करोड़ 85 लाख और बालिका छात्रावास 3 करोड़ 86 लाख की लागत से बनाया जाएगा।