राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के कॅरियर मार्गदर्शन के लिए हम छू लेंगे आसमां योजना शुरू की जा रही है । योजना का शुभारंभ 21 मई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान माॅडल स्कूल भोपाल में सुबह 10 से 11 बजे तक छात्र-छात्राओं से स्वयं फोन पर बात करेंगे।
प्रदेश भर से छात्र-छात्राएं टेलीफोन नंबर 0755-2770020 पर मुख्यमंत्री को कॉल कर सकते हैं। इस योजना में 12 वीं कक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न कॅरियर्स तथा अकादमिक विकल्पों के बारे में आधुनिक तकनीक एवं काउंसलिंग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही 11वीं एवं 12वीं परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को भी कौशल विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार के विभिन्न विकल्पों के बारे में बताया जाएगा। हम छू लेंगे आसमां योजना में 12 वीं में 70 प्रतिशत अथवा इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 21 से 31 मई तक तथा कक्षा 12 वीं में 70 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 4 जून से 14 जून तक विभिन्न कॅरियर और अकादमिक विकल्पों के बारे में काउंसलिंग विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इनके अलावा कक्षा 10वीं पास और कक्षा 11वीं अथवा 12 वीं के अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी कौशल विकास, स्व.रोजगार एवं रोजगार के विभिन्न विकल्पों के बारे में 18 से 28 जून तक मार्गदर्शन दिया जाएगा।