शिक्षकों के विरोध के बावजूद आवासीय प्रशिक्षण कल से, दो बार हाजिरी लगेगी
रायसिंहनगर| शिक्षकों के विरोध के बावजूद प्रारंभिक शिक्षा परिषद ने 21 मई से ही छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। रायसिंहनगर बीईईओ राकेश त्यागी ने बताया कि ब्लॉक में दो चरणों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविर स्थल ब्राह्मण धर्मशाला को रखा गया है। जहां सुविधाएं पर्याप्त हैं। शनिवार को वीसी के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा परिषद उपायुक्त व उच्च अधिकारियों ने शिविरों के लिए की गई व्यवस्थाओं को जायजा लिया। उपायुक्त ने सभी जिलों में शिविर आवश्यक रूप से शुरू करवाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले शिक्षकों को बायोमैट्रिक उपस्थित सुबह एवं शाम को दर्ज करनी होगी। सभी केआरपी को निर्देश दिए कि जो उन्हें उदयपुर प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है उसके एवं मॉडल के अनुरूप प्रशिक्षण दें। संभागियों की समस्याओं का समाधान करें। उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण व आवास स्थल पर पेयजल, गर्मी से बचाव के लिए कूलर, शौचालयों पर्याप्त संख्या में होने चाहिए। उधर शिक्षक संघ लम्बे समय से आवासीय प्रशिक्षण शिविरों को गैर आवासीय करने की मांग कर रहे हैं।