श्रीगंगानगर| बूथ संरचना और माइक्रो मैनेजमेंट सिस्टम तैयार करने को लेकर हुई भाजपा की बैठक में रविवार को गिने-चुने कार्यकर्ता ही पहुंचे। बैठक लेने के लिए अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जसवीरसिंह आए थे। वक्ताओं ने कहा कि जिले में पार्टी 1477 बूथों का गठन कर चुकी है। अब 28 मई को बूथ अध्यक्षों की बैठक होगी। रविवार की बैठक में उदासीनता इतनी थी कि कार्यकर्तओं की कम उपस्थिति के चलते मंचासीन नेता भी अपने मोबाइल में व्यस्त दिखे।
केंद्रीय नेतृत्व माइक्रो मैनेजमेंट सिस्टम शीघ्र स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी करने के मूड में है। इसी के मद्देनजर जिले में प्रबुद्ध जन सम्मेलन प्रस्तावित है। इसके लिए महेश पेड़ीवाल कार्यक्रम संयोजक एवं राजकुमार मिगलानी आैर सुनील छाबड़ा को सह संयोजक लगाया गया। वहीं जिले में विधानसभावार प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। इसके तहत जसवीर सिंह को सादुलशहर, हरिसिंह कामरा को श्रीगंगानगर, उम्मेद सिंह राठौड़ को अनूपगढ़, मोहन लाल शर्मा को सूरतगढ़, प्रहलादराय टाक को श्रीकरणपुर, महेंद्र सिंह सोढ़ी को रायसिंहनगर विधानसभा का क्षेत्र प्रभारी लगाया गया है। बैठक में प्रदेश मंत्री कैलाश मेघवाल, यूआईटी अध्यक्ष संजय महिपाल, महेंद्र सिंह सोढ़ी, उम्मेद सिंह राठौड़, रमेश राजपाल, रमजान अली चोपदार, ओमी नायक, डॉ. दर्शन आहूजा, संयोजक यशपाल गोगिया, लालचंद मेघवाल, अंजू सैनी, क्रांति चुघ आदि उपस्थित रहे। बैठक में सभी मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सभी प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्ष, प्रबुद्ध जन आयोजन समिति के सदस्यों को बुलाया गया था, लेकिन इनमें से ज्यादातर बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सरदुल सिंह कंग ने गंगनहर में अप्रैल और मई में मिले पानी पर चिंता जताते हुए पानी बढ़वाने के लिए जिला प्रभारी जसवीरसिंह से आग्रह किया।