पार्षद व वकील पर ईओ से अभद्रता का मामला दर्ज
नगरपालिका में मंगलवार को ईओ और एक वकील व पार्षद के बीच हुए विवाद को लेकर थाने में देर शाम वकील व पार्षद के खिलाफ धक्कामुक्की कर रजिस्टर व कागजात फाड़ने, राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ। इधर वकील ने भी ईओ के खिलाफ मारपीट व दुर्व्यवहार किए जाने को लेकर थाने में लिखित रिपोर्ट दी, लेकिन देर रात तक इस संबंध में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार नगरपालिका के ईओ भवानीशंकर व्यास ने रिपोर्ट दी कि दोपहर में रामकिशन सैनी व पार्षद मोहनलाल मेघवाल उनके पास आंबेडकर भवन निर्माण की पत्रावली का अवलोकन करने व नकल लेने आए थे। उन्होंने मार्किंग कर कनिष्ठ अभियंता सुनील मंडार की रिपोर्ट पर अवलोकन करवाने व नकल देने के आदेश दिए। कनिष्ठ अभियंता ने उनको करीब 10 मिनट तक पत्रावली का अवलोकन करवाया। इसी दौरान रामकिशन सैनी अपने मोबाइल में पत्रावली को रिकार्ड करने लगा। कनिष्ठ अभियंता में मना करने पर भी उसने रिकार्डिंग चालू रखी और कनिष्ठ अभियंता मंडार व कनिष्ठ लिपिक कैलाशचंद बंजारा के साथ गाली-गलौच व धक्कामुक्की करने लगा। इसके बाद आरोपी ने उसे धमकी दी और बंजारा का चश्मा और शर्ट के बटन तोड़ दिए। कर्मचारियों के बाहर जाते ही दोनों ने उसे चेंबर में बंद करने का प्रयास किया और धक्का मुक्की कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई। इधर रामकिशन सैनी ने भी इस बारे में थाने में लिखित में रिपोर्ट दी है।