बिजली पर माले का आंदोलन आश्वासन के बाद स्थगित
नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर भाकपा माले का पवार हाउस में घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। हालांकि दोपहर लगभग एक बजे के बाद गिरिडीह कार्यपालक विद्युत अभियंता महादेव मुर्मू, सहायक विद्युत अभियंता मनोज कुमार सिंह तथा धनवार के कनीय विद्युत अभियंता विकास कुमार की पहल कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि धनवार के लिए 15 मेगा वाट बिजली, प्रखंड के विभिन्न गांवों में जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने, जर्जर तारों को दुरूस्त करने, गांव में विभाग द्वारा खींची गई दो तार के जगह तीन तार करने के अलावा पूरे विधानसभा को 24 घंटा नियमित बिजली आपूर्ति करने की मांग रखी गई। जिसपर समझौता करने आये पदाधिकारियों ने फिलहाल धनवार पवार सब स्टेशन को 9 मेगा वाट बिजली देने के अलावा धनवार बाजार में 16 घंटा, जबकि देहात क्षेत्रों में 12 घंटा बिजली आपूर्ति करने पर सहमति बनी।
उन्होंने कहा कि जबतक जमुआ में पवार ग्रिड नहीं बन जाता है तब-तक के लिए यह मांगे मानी गई है। जमुआ में ग्रिड होने के बाद धनवार को 24 घंटा नियमित रूप से बिजली देनी होगी। मौके पर कयूम अंसारी, किशोरी अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, जयंती चौधरी, रामेश्वर चौधरी, विनय संथालिया, मीणा दास, राज निषाद, पंकज यादव आदि मौजूद थे।
वार्ता में माले विधायक व अधिकारी।