चौकी से थाने का उन्नयन किया, एक साल बाद भी नहीं बढ़ाया स्टाफ
नगर की पुलिस चौकी को थाना बने एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी अब तक स्टाफ नहीं बढ़ाया है। थाने के हिसाब से स्वीकृत बल के मुकाबले करीब आधी संख्या में यहां का स्टाफ हैं। थाने का कार्यक्षेत्र बढ़ने एवं लगातार अपराधिक घटनाओं में वृद्धि के चलते यहां स्टाफ की अधिक जरूरत है। गत चार माह में यहां करीब 250 अपराधिक प्रकरण दर्ज हुए है। अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही हैं। वर्तमान में पुलिस चौकी में ही थाने का संचालन हो रहा है।
वर्तमान में यहां 19 का स्टाफ कार्यरत है। थाने के लिए 36 का स्टाफ चाहिए। रात में चोरी की घटनाओं में वृद्धि के साथ अब दिन में भी घनी आबादी एवं सार्वजनिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जेबकट सहित लूटपाट की घटनाएं हो रही है। यहां पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। थाने का शुभारंभ मार्च 2017 में हुआ था। तब एसपी वीरेंद्रसिंह ने कहा था कि शीघ्र ही धार जिले को बल मिलने वाला है। इसमें से राजगढ़ थाने पर भी बल बढ़ाया जाएगा। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस है। मामले में एसपी बीरेंद्रसिंह का कहना है बल की कमी है यह सही हैं।
जिले काे नवीन भर्ती के तहत 151 पुलिस का बल मिला है। लेकिन उसमें से हम थाने में पोस्टिंग नहीं कर सकते है। इन्हें कानून व्यवस्था के तहत रिर्जव रखा है। नगर की यातायात की समस्या के निराकरण में क्या हो सकता है वह दिखवाता हूं। नवीन थाना भवन के लिए जमीन के संबंध में पत्राचार हो रहा है। थाना भवन सेंशन हो गया है।