नालों की सफाई नहीं होने से फैल रही बदबू से दुकानदार परेशान
राजगढ़ | नगर परिषद द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर बनाए नाले अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। मेला मैदान, चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर 20 लाख रु. से अधिक की लागत से पानी की निकासी के लिए नाले बनाए गए लेकिन सभी स्थानों पर यह नाले कचरे, प्लास्टिक पन्नियों एवं गंदंगी से पटे हुए है। इन्हे साफ करने की जहमत नगर परिषद द्वारा नहीं उठाई जा रही है। जिसके चलते मच्छरों के प्रकोप से नाले के आसपास के दुकानदार परेशानी झेलने का मजबूर है। बारिश के पूर्व इन नालों से कचरा एवं गाद नहीं निकाली जाती है तो गंदा पानी सड़कों पर बहेगा। इधर चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर ही शांति नगर के पीछे से बनाया गया नाला भी रोड के किनारे की दुकानदारों के लिए खासा परेशानी का सबब बना हुआ है। नाले को सप्ताह में दो से तीन बार वेक्यूम से खाली करना पड़ता हैं। यहां पर भारी गंदगी हो रही है। नाले को अधूरा छोड़ देने के कारण परेशानी बनी हुई है।