पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पेड़ में लगी आग, लोगों की मदद से फैलने से रोका, विभाग के पास नहीं थे बचाव के साधन

पेड़ में लगी आग, लोगों की मदद से फैलने से रोका, विभाग के पास नहीं थे बचाव के साधन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| नरसिंहगढ़

24 घंटे के अंदर ही शनिवार की रात को संरक्षित वन क्षेत्र कंतोड़ा की पहाड़ी पर एक बार फिर आग भड़क उठी।

हालांकि एक दिन पहले ही एक बार और आग लगने की वजह से वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद थी, इसलिए तुरंत ही बचाव के इंतजाम भी कर लिए गए। आग को फैलने से रोकने में स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठन आईआरई-जंगल और नगरपालिका ने खास भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही नगरपालिका की फायर ब्रिगेड कंतोड़ा क्षेत्र में पहुंची। जहां से प्लास्टिक की कुप्पियों में पानी भर-भर कर जल रहे पेड़ को बुझाया गया। इस दौरान वन विभाग के पास पानी से बचाव के कोई इंतजाम नहीं थे। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार शाम को कंतोड़ा क्षेत्र में किले की पहाड़ी पर आग लग गई थी जो लगभग 2 घंटे की मेहनत के बाद बुझाई जा सकी थी। इस क्षेत्र में एक बड़े सूखे पेड़ में आग लगने से यह घटना हुई।

दो दिन पहले भी कंतोड़ा क्षेत्र में पहाड़ी पर पेड़ों में आग लग गई थी जो 2 घंटे में बुझी थी

जरूरत इसकी

जिस पेड़ में आग लगने से 2 दिनों तक जंगल जला है, उसे अभी भी पूरी तरह से बुझाया नहीं जा सका है। ऐसे में फिर से आग बढ़ने की आशंका है। वन विभाग को इसे पानी से पूरी तरह बुझाना होगा।

बहस करते रहे वन विभाग के कर्मचारी तो युवाओं ने पानी पहुंचाया

मौके पर जब नगरपालिका की फायर ब्रिगेड आग बुझाने के लिए कंतोड़ा क्षेत्र में पहुंची तो ऊपर पहाड़ी पर पानी की भरी हुई कुप्पियों ले जाने को लेकर वन विभाग के कर्मचारी आपस में बहस करने लगे। इसके बाद स्थानीय युवाओं सैंडी नामदेव, पुनीत उपाध्याय और अन्य लोगों ने पानी से भर भर कुप्पियां ऊपर पहाड़ी पर पहुंचाईं।

मोबाइल की रोशनी में चलाया बचाव अभियान

वन विभाग के कर्मचारियों के पास टॉर्च तक नहीं थी।तब मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर पहाड़ी तक पानी पहुंचाया। तब कहीं जाकर आग को फैलने से रोका गया।

गऊघाटी के अतिक्रमण में नहीं हुई कार्यवाही

इसके अलावा वन विभाग ने संरक्षित वन क्षेत्र गऊघाटी में अतिक्रमण कर मकान बनाने की कोशिश वाले मामले में किसी तरह की लिखित कार्यवाही अभी तक नहीं की है। इससे इस जगह पर बाद में अतिक्रमण होने की आशंका बढ़ गई है।

सारे साधन हैं, लेकिन कर्मचारी उपयोग करना भूल जाते हैं

हमारे विभाग के कर्मचारियों के पास बचाव के सारे साधन हैं लेकिन समय आने पर वे जल्दबाजी में उनका उपयोग करना भूल जाते हैं। आरएन वर्मा, डीएफओ, राजगढ़।

खबरें और भी हैं...