छुरिया|खेत की रखवाली कर रहे मजदूर को जंगली सूअर ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। संजीवनी 108 की मदद से उसे उपचार के लिए डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। जानकारी अनुसार बलीराम पिता थुकेल बोरकर निवासी चिरचारीखुर्द रोज की तरह गांव से एक किलोमीटर दूर भिनेश साहू के खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहा था कि सुबह 9.30 बजे जंगली सूअर ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। किसी तरह सूअर के हमले से बचकर वह गांव पहुंचा, जहां उसे प्रारंभिक उपचार के लिए डोंगरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती किया गया। सुअर के हमले से उसे सिर व आंख में गंभीर चोंटे आई है। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा।