विकास यात्रा जनता से सीधे संवाद का माध्यम है: पारख
भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष खूबचंद पारख ने कहा कि 12 मई को दंतेवाड़ा से शुरू हुई विकास यात्रा का पड़ाव जिले एवं ब्लॉक में भी होगा। इसकी रूपरेखा बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि यह हम जिलेवासियों के लिए गौरव का विषय है। विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहे नगर विधायक व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह अपने निर्वाचन विधानसभा के साथ जिले की जनता के बीच भी पहुंचेंगे। उनसे सीधे संवाद करेंगे और यदि उनकी कोई समस्या सामने आयी तो उसका समाधान भी करेंगे। यही विकास यात्रा का लक्ष्य एवं उद्देश्य है। इसी बीच में क्षेत्रीय जनता की मांग एवं उनके बेहतरी के लिए विभिन्न विकास कार्य जो पूर्ण हो चुके एवं जिनका निर्माण कार्य पूर्ण किया जाना है उनका शिलान्यास व भूमिपूजन भी करेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री नीलू शर्मा, जिला संगठन प्रभारी छगन मूदड़ा एवं जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने भी बैठक में अपने विचार रखे। पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर से कहा कि विकास जनता का है और संकल्प भारतीय जनता पार्टी का है। मंच पर वरिष्ठ नेता लीलाराम भोजवानी, अशोक शर्मा, मेयर मधुसूदन यादव, प्रदीप गांधी, शोभा सोनी, अकरम कुरैशी, विधायक सरोजनी बंजारे, रमेश पटेल, भरत वर्मा आदि मौजूद रहे।