सुंदरकांड के पाठ के साथ आज से शुरू होगा पुरुषोत्तम मास
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के तत्वावधान में ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास का प्रथम पखवाड़ा 16 मई से विभिन्न धार्मिक आयोजन के साथ प्रारंभ होने जा रहा हैं। मंदिर समिति द्वारा 14 दिवसीय पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सुंदरकांड के पाठ से कार्यक्रम का शुभारंभ होने जा रहा है। भानपुरी के समीप स्थित त्रिमूर्ति मंदिर के कुंज बिहारी के सानिध्य में विदुषी भजन गायिका कुमारी अर्चना एवं कुमारी नेहा के द्वारा सुमधुर सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा।
सत्यनारायण मंदिर व्यवस्था प्रभारी कृष्णकुमार अग्रवाल एवं रामअवतार जोशी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज सुबह साढ़े 8 बजे से विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिष्ठा कार्य विद्वान आचार्य पंडित कालू महाराज, पंडित श्रीकांत शर्मा एवं पंडित सत्यनारायण शर्मा के द्वारा कराया जाएगा। दोपहर 3.30 बजे से पुरुषोत्तम मास महोत्सव के अंतर्गत भव्य सुन्दरकाण्ड पाठ प्रारंभ होगा। समिति ने संस्कारधानी नगरी की धर्मप्रेमी माता-बहनों एवं बंधुओं से इस पावन मास के धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।