विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का रोड शो 24 मई को छुरिया से आरंभ होकर नगर के म्यूनिसिपल स्कूल तक पहुंचेगा। इस अवसर पर आमसभा होगी। इसकी तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर भीम सिंह ने म्यूनिसिपल स्कूल ग्राउंड में की।
कलेक्टर ने कहा कि सभी महत्वपूर्ण विभागों की प्रदर्शनी इस दौरान लगाई जाएगी जिसमें उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बीते वर्षों में उनकी प्रमुख विभागीय उपलब्धियों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर धान बोनस एवं आबादी पट्टे का वितरण भी किया जाएगा, साथ ही अनेक योजनाओं के लाभान्वितों को भी सामग्री प्रदाय की जाएगी।
इस अवसर पर विशेष रूप से श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ चंदन कुमार ने कहा कि विकास यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग आमसभा में उपस्थित रहेंगे। ऐसे में अधिकारी अपने विभाग के ऐसे मॉडल दिखाएं जिनसे बड़ी संख्या में लोग प्रेरित हों। इसके साथ ही शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राही भी मौके पर उपस्थित हों ताकि इनसे प्रेरित होकर अन्य लोग भी इन योजनाओं का लाभ ले सके। कलेक्टर ने रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की। अधिकारियों को निर्देश दिए।
यहां से गुजरेगी यात्रा
विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का रोड शो छुरिया से होते हुए कोकपुर, डोंगरगांव, अर्जुनी, रामपुर होता हुआ राजनांदगांव पहुंचेगा जहां आमसभा होगी। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ओंकार यदु एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।