राजपुर| मुख्यमंत्री के आगमन के कुछ घंटे पहले सत्ताधारी दल भाजपा के पदाधिकारियों ने ही बखेड़ा खड़ा कर दिया। विकास यात्रा के लिए नगर के हाईस्कूल मैदान में आमसभा की तैयारी थी। यहां मंच के सामने ही भाजपा के दर्जनों झंडे शुक्रवार को सभा कार्यकर्ताओं ने लगाए थे। आरोप है कि इसे एसडीएम शिव कुमार वनर्जी ने खुलवाकर जब्त कर लिया।
सुबह जब भाजपा नेता सभा स्थल पहुंचे तो झंडा नहीं दिखने पर नाराज हो गए और सभा स्थल के पास धरने पर बैठ गए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि एसडीएम बनर्जी ने कार्यक्रम स्थल के आसपास लगे पार्टी के झंडे को यह कह कर निकलवा दिया गया कि कार्यक्रम शासकीय है, इसमें किसी तरह के दलगत झंडे कार्यक्रम स्थल पर नहीं लग सकते। तीन घंटे तक विवाद चलता रहा। एसडीएम बनर्जी के े मान मनव्वल पर भी जब गतिरोध दूर नहीं हुआ तो वे भी वहां से चल दिए।