भूमाफियाओं ने किया अतिक्रमण, लोगों ने कलेक्टर से की शिकायत
इस तरह से नवीन सामुदायिक भवन के पास हो रहा अतिक्रमण।
भास्कर संवाददाता | पलसूद
नगर के वार्ड क्रमांक तीन में बन रहे शासकीय अस्पताल भवन के पास कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में नप पार्षद, उपाध्यक्ष सहित लोगों ने नगर में सीएम कार्यक्रम के पहले निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर तेजस्वी नायक से की है। नगर परिषद की सीमा में वार्ड क्र. 12 निवाली रोड औद्योगिक क्षेत्र में भी अतिक्रमण करने की शिकायत की है। साथ ही पार्षदों ने प्रधानमंत्री आवास में आवंटित कुटीरों को अपात्रों को दिए जाने संबंधी शिकायत कर जांच की मांग की है। शिकायत में बताया कि जिनके पक्के मकान हैं। उन्हें आवास योजना का लाभ दिया गया है। कुछ बाहर के लोगों को भी स्थानीय निवासी बताकर उन्हें कुटीर आवंटित की गई हैं। जल खेड़ा रोड पर अतिक्रमण कर शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण करने की भी कलेक्टर से शिकायत की गई है।
अस्पताल के नवीन भवन के पास पूर्व में भी अतिक्रमण किया गया था। इसे राजपुर एसडीएम ने 2015-16 में तुड़़वाया था। इसी स्थान पर फिर से भूमाफियाओं के माध्यम से अतिक्रमण किया जा रहा है। कलेक्टर को दिए आवेदन में पार्षदों ने बताया कि नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के सामने 60 फीट भूमि छोड़कर बाउंड्रीवॉल बनाई गई है। पार्षद गीता राठौड़, पूनम गोले, सिराज खान, सुंदरबाई नायक, सुनील गोले, गायत्री गोले, मनोज राठौड़, नप उपाध्यक्ष संतोष तितावले ने बताया कि इसी तरह नगर के पशु चिकित्सालय के पास भी लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। कलेक्टर को आवेदन देकर दोनों अस्पतालों के पास से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में आवंटित हुई कुटीरों की जांच कराने की मांग की है।
लेटर देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है
मैने कलेक्टर को लेटर लिख कर अस्पताल के पास हो रहे अतिक्रमण के संबंध में जानकारी देकर इसे हटवाने की मांग की है। विजय सिंह पटेल, मेडिकल ऑफिसर पलसूद।