- Hindi News
- National
- पलसूद में महिला सम्मेलन आज, आएंगे सीएम, पुराने पैसे न मिलने से संचालकों का बस देने से इनकार
पलसूद में महिला सम्मेलन आज, आएंगे सीएम, पुराने पैसे न मिलने से संचालकों का बस देने से इनकार
आरटीओ सुरेंद्र बड़ोनिया से चर्चा करते बस संचालक।
आरटीओ को दिया आवेदन, सीएम के कार्यक्रम के लिए लगेंगी 100 बस, अधिग्रहण आदेश के आश्वासन पर माने
भास्कर संवाददाता | बड़वानी
नर्मदा सेवा यात्रा सहित अन्य कार्यक्रम के लिए पूर्व में जिले से बसों का अधिग्रहण किया गया था लेकिन अब तक बस संचालकों को राशि नहीं मिली है। दो साल से लाखों रुपया अटका हुआ है। सीएम के पलसूद दौरे से एक दिन पहले सोमवार को बस संचालकों ने आरटीओ से मिलकर पुराना रुपया दिलाने की मांग की है। दरअसल मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पलसूद में आयोजित महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। हालांकि अधिग्रहण आदेश देने के आश्वासन पर बस संचालक मान गए हैं और वे कार्यक्रम के लिए बसें देने को तैयार है।
मप्र बस एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य सोमवार दोपहर 2 बजे आरटीओ कार्यालय पहुंचे। आरटीओ सुरेंद्र बड़ोनिया से एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष महेश बर्मन ने कहा- साहब आप ही हमारे माई-बाप है। हमारी बसों का पैमेंट दो साल से अटका है। जल्द दिलवा दो। इस पर आरटीओ बड़ोनिया ने कहा- अभी तो पूरे प्रदेश में भुगतान नहीं हो सका है। मैं कैसे व कहां से भुगतान दिलवा दू। हालांकि बड़ोनिया ने उन्हें आश्वासन देकर आवेदन को वरिष्ठ अफसरों तक पहुंचाने का भराेसा दिया कि जल्द ही आपको भुगतान मिल जाएगा।
दोपहर 2.10 बजे आएंगे सीएम
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान मंगलवार को पलसूद में महिला सम्मेलन व अंत्योदय मेला में शामिल होंगे। दोपहर 2.10 बजे वे हेलीकाप्टर से यहां पहुंचेंगे। दोपहर 4 बजे सीएम भोपाल रवाना होंगे। सीएम की सुरक्षा व्यवस्था में 450 जवान तैनात रहेंगे। आरआई हिन्दूसिंह मुवेल ने बताया धार, झाबुआ, अलीराजपुर, इंदौर के अलावा जावरा से 30 जवानों का विशेष सशस्त्र बल तैनात रहेगा।