इस्कॉन फेस्टीवल कमेटी के सहयोग से भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा 26 काे
अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ, चंडीगढ़ के सहयोग से 26 मई को भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। इस्कॉन फेस्टीवल कमेटी का गठन कर शहर के गणमान्य लाेगाें की उपस्थिति में बहावलपुर भवन में मीटिंग की गई और रथयात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। इस्कॉन फेस्टीवल कमेटी के प्रधान मदन आहुजा, चेयरमैन प्रेम भटेजा, महासचिव नितिन खुराना ने अगुवाई की। रथयात्रा 26 मई को दोपहर 3 बजे बहावलपुर भवन से शुरू होगी। इससे पहले सुबह 11 बजे भगवान श्री जगन्नाथ जी का स्वागत, साढ़े 11 बजे छप्पन भाेग व अारती करने के बाद हरिनाम संकीर्तन एवं प्रवचन किया जाएगा। रथयात्रा श्री महावीर मंदिर, ज्ञान थल्ला, बांके बिहारी मंदिर, एमएलए राेड से हाेेते हुए लक्कड़ मंडी चाैक, शहीद प्रभाकर चाैक, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा राेड, केंद्रीय गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, श्री सत्यनारायण मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर से हाेते हुए वापस बहावलपुर भवन में आकर समाप्त होगी।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारा भी चलाया जाएगा
प्रधान मदन आहुजा एवं चेयरमैन प्रेम भटेजा के अनुसार श्री रथ यात्रा शाम साढ़े 7 बजे बहावलपुर भवन पहुंच जाएगी। यात्रा की समाप्ति के बाद बहावलपुर भवन में संगत श्रद्धालुओं के लिए भंडारा चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रथ यात्रा के मुख्य मेहमान पूर्व विदेश राज्य मंत्री परनीत काैर, विशेष मेहमान विधायक हरदयाल सिंह कंबोज व विधायक मदन लाल जलालपुर, नगर कौंसिल के प्रधान नरिंदर शास्त्री, तहसीलदार हरसिमरण सिंह, कारोबारी व कांग्रेसी पार्षद संजीव बंसल होंगे। प्रधान मदन आहुजा ने कहा कि रथयात्रा बहुत भव्य तौर पर निकाली जा रही है। इलाके के लोगों में रथयात्रा को लेकर काफी उत्साह है। 26 मई को सुबह 11 बजे भगवान जगन्नाथ जी का स्वागत किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि किसी को कोई समस्या न हो।