- Hindi News
- National
- पारणा महोत्सव में शामिल होंगे 91 तपस्वी, मुनियों का कांकरोली प्रवेश, 70 हजार वर्ग फीट में बनेगा डोम
पारणा महोत्सव में शामिल होंगे 91 तपस्वी, मुनियों का कांकरोली प्रवेश, 70 हजार वर्ग फीट में बनेगा डोम
राजसमंद| अक्षय तृतीया पर 18 अप्रैल को होने वाले पारणा महोत्सव को लेकर शुक्रवार को श्रमण संघीय महामंत्री सौभाग्य मुनि, मेवाड़ प्रवर्तक महाश्रमण मदन मुनि, कोमल मुनि, संभवमुनि, महासती राजमती, विजय प्रभा, रवि रश्मि कांकरोली पधारे। समारोह शहर के विद्यानिकेतन स्कूल परिसर में मनाया जाएगा। मुनियों को जैन समाज की महिलाओं ने कलशयात्रा के साथ शहर के नया बाजार स्थित महावीर भवन में प्रवेश करवाया। पारणा महोत्सव में मुनियों का सानिध्य मिलेगा। महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष ने बताया कि कांकरोली के इतिहास में पहली बार सर्वाधिक 91 तपस्वियों का पारणा महोत्सव हो रहा है। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ अक्षय तृतीया पर पारणा महोत्सव करवा रहा है। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के मंत्री रोशनलाल डांगी ने बताया कि मुनियों की धवल सेना सुबह दस बजे टीवीएस चौराहा पर पहुंची। जहां जैन समाज के लोगों ने स्वागत किया। समाज की महिलाएं कलश थामे चल रही थीं। यात्रा में लोग जयकारे लगाते चल रहे थे। कलशयात्रा जलचक्की तिराहा, पुराना बस स्टैंड, मुख्य चौपाटी, नया बाजार स्थित महावीर भवन पर मुनियों ने प्रवास किया। इस अवसर पर श्रावक रोशनलाल पगारिया, संतोष कुमार बाबेल, दलपत सिंह बोल्या, कैलाश तलेसरा, संजय बोल्या, भैरूलाल हींगड़ , सी पी सिंयाल, डाॅ. बी. पगारिया, हरकलाल चपलोत, बाबूलाल हींगड़, सुरेश हींगड़़, अशोक पामेचा, प्रवीण बोल्या, लीला हींगड़, पिस्ता बोल्या सहित कई श्रावक मौजूद थे।
धर्मसभा आज से, सुबह सवा नौ बजे प्रार्थना-प्रवचन होंगे
मुनियों के कांकरोली प्रवास के दौरान शनिवार से प्रतिदिन धर्मसभा होगी। कांकरोली महावीर भवन में श्रमण संघीय महामंत्री सौभाग्य मुनि, मेवाड़ प्रवर्तक महाश्रमण मदन मुनि सुबह सवा नौ बजे प्रार्थना व प्रवचन देंगे।
17 को भक्ति संध्या
अक्षय तृतीया पर अब तक देश-प्रदेश से 91 वर्षी तप आराधकों के पारणा महोत्सव में शामिल होने की स्वीकृति मिल गई है। गुरु अंबेश सौभाग्य नवयुवक मंडल संरक्षक भैरूलाल हींगड ने बताया कि 17 अप्रैल शाम को भक्ति संध्या होगी। 18 अप्रैल को मुख्य समारोह की शुरुआत सुबह नौ बजे मंगलाचरण व ध्वजारोहण के साथ होगी। 12 बजे तपस्वियों का सामूहिक पारणा महोत्सव होगा। समारोह के लिए 70 हजार वर्गफीट में डोम बनाया जाएगा। जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए जाएंगे।
ये होंगे अतिथि
समारोह की अध्यक्षता मनोज कुमार करेंगे। पिन्टूकुमार, कर्नाटक विधानपरिषद सदस्य व भाजपा कर्नाटक के कोषाध्यक्ष लेहरसिंह सिरोया, डूंगरपुर सेशन न्यायाधीश प्रकाशचंद पगारिया, सांसद हरिओम सिंह राठौड़, उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी, सभापति सुरेश पालीवाल बतौर अतिथि शामिल होंगे।