सावों के दिन एटीएम हुए खाली... रुपए निकालने के लिए भटक रहे लोग
अक्षय तृतीया पर अबूझ सावों पर बुधवार को शहर के आधे से अधिक एटीएम खाली मिले। रुपए निकालने के लिए ग्राहकाें को एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकना पड़ा। किसी एटीएम में रुपए खत्म हो गए तो कोई एटीएम तकनीकी खामी के कारण बंद पड़ा मिला। शहर में 22 एटीएम है, इनमें से 15 एटीएम बंद मिले। विवाहों का कार्यक्रम को लेकर ऐसे में तैयारी के लिए लोग कैश लेने के लिए बैंकों में पहुंचे, लेकिन उन्हें जवाब मिला कि बड़ी रकम नहीं दे सकते। पिछले कुछ दिनों से बैंकों में ऐसे ही जवाब मिल रहे हैं। एटीएम भी छोटे नोट (100 रुपए) निकाल रहे हैं। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शादियों के माहौल में खर्च के लिए अधिक कैश की आवश्यकता होती है। कई लोग चेक या विड्रॉल स्लिप लेकर बैंक पहुंच रहे हैं। लेकिन, घंटों लाइन में लगने के बाद भी उन्हें जरुरत जितनी राशि नहीं दी जा रही। ऐसे में 20 हजार से कम की राशि देकर ही उन्हें लौटाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर शहर के कई एटीएम में छोटे नोट डाले जाने के कारण वह जल्दी खत्म होते दिखाई दिए। लीड बैंक मैनेजर आरपी बैरवा ने बताया कि अत्यधिक शादियों के कारण एटीएम से रुपए खत्म हो गए। पहले जानकारी होती तो निर्देश जारी कर देते।
भास्कर की पड़ताल में खाली मिले एटीएम...कई लोगों को एक- दूसरे से उधार लाकर अपना काम निकालना पड़ा, 22 में से 15 एटीएम खाली
जानकारी के अनुसार कांकरोली मैन चौपाटी स्थित आईसीआईसीआई बैंक एटीएम में जब भास्कर टीम पहुंची तो वहां पर एटीएम बंद मिला। यहां पर लोग रुपए निकालने के लिए चक्कर लगाकर जा रहे थे। इसी प्रकार पास ही बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम तकनीकी खराबी के कारण बंद मिला। यहां गार्ड से जानकारी दी तो पता चला कि मशीन में खराबी है। देर शाम तक एटीएम चालू हो जाएगा। पुराने बस स्टैंड स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे नहीं थे। ऐसे में अबूझ सावों होने पर शादी ब्याह में खरीदारी के लिए लोगों को खरीदारी के लिए रुपए की जरूरत थी। ऐसे में एटीएम में रुपए नहीं निकलने से शहरवासियों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। कांकरोली निवासी राहुल शर्मा ने बताया उसने कांकरोली में सात एटीएम भटकने के बाद आठवें एटीएम पर रुपए निकल। हाउसिंग बोर्ड निवासी नीतेश कुमार ने बताया कि उसे शादी में बाहर निकलना था लेकिन पांच एटीएम पर चक्कर लगाने के बाद उसे रुपए निकाले जा सके।
नई करेंसी आ नहीं रही
बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों से 500 और दो हजार के नोटों की करेंसी शहर में नहीं आ रही है। 500 के कुछ नोट आए भी हैं तो वह पूरे जिले की सप्लाई के हिसाब से काफी नहीं है। ऐसे में लोगों को छोटे नोट ही दिए जा रहे हैं।
शहर में 22 एटीएम, अधिकतर बंद मिले : शहर में 22 एटीएम में से 15 एटीएम से रुपए नहीं हैं। शहर के प्रमुख इलाकों में लोग एक एटीएम से दूसरे तक भटकने को मजबूर दिखे। जिन परिवारों में विवाह कार्यक्रम थे, वहां कई लोगों को एक दूसरे से उधार लेकर अपना काम निकालना पड़ा।