नहाने गए दो श्रमिकों की झील में डूबने से मौत
राजसमंद | कांकरोली थाना क्षेत्र राजसमंद झील के ऐरिगेशन पाल पर मंगलवार शाम 4 बजे घूमने आए दो श्रमिक की झील में डूबने से मौत हो गई। एक युवक झील में नहाते समय डूबने लगा। यह देख कर बचाने के लिए कूदा दूसरा साथी श्रमिक भी डूब गया। दोनों ही श्रमिकों को आरके अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि सुजानगढ़ चुरु निवासी इमरान (19) पुत्र रफीक खान और बालिया डीडवाना नागौर निवासी इशाक (18) पुत्र दलीफखान की नहाते समय झील में डूबने से मौत हो गई। केलवा के समीपवर्ती जैतपुरा स्थित ग्रेनाइट मार्बल कटर पर कार्य करने वाले 6 श्रमिक अमावस्या की छुट्टी होने से शहर में घूमने आए थे। ये लोग राजसमंद झील की एरिगेशन पाल पर घूमने चले गए। गर्मी के चलते झील में नहाने के लिए पाल की सीढिय़ों पर बैठकर नहा रहे थे। नहाते समय इमरान को तैरना नहीं आता था, लेकिन झील में छलांग लगा दी, जिसे डूबता देख इशाक ने साथी को बचाने के लिए अंदर कूद गया। इमरान ने इशाक को कस कर पकड़ लिया, इससे दोनों डूबने गए। दोनों युवकों को बाहर निकालने के बाद आरके अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।