छापरवाले हनुमान मंदिर से दान पेटी चोरी , 7 दिन बाद भी मामला दर्ज नहीं
राजसमंद| कुंवारिया थाना क्षेत्र के छापरवाले हनुमान मंदिर से एक सप्ताह पहले दान पेटी चोरी हो गई। एक सप्ताह पूर्व मंदिर के महंत डा. बलरामदास महाराज ने कुंवारिया थाने पर रिपोर्ट दी थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया। दान पेटी में करीब 30 हजार रुपए थे। मंदिर के महाराज ने बताया कि गत गुरुवार दिन में मंदिर से दान पेटी चोरी हो गई। दान पेटी में करीब 30 हजार के आस-पास चढ़ावा होगा। बताया गया कि गत अप्रैल माह में हनुमानजी और रामजी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा होने से काफी सारे दर्शनार्थियों ने भेंट पूजा चढ़ाई थी। इसके बाद से दान पेटी को खोला भी नहीं गया। मंदिर के दान पेटी चोरी की रिपोर्ट कुंवारिया थाने पर दी गई। लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। दूसरी ओर थानाधिकारी योगेंद्र व्यास का कहना था कि महंत की ओर से रिपोर्ट मिलते ही जांच के लिए पुलिस टीम लगा रखी है। महंतजी को मामला दर्ज करने के लिए बुलाया है, लेकिन अभी तक महंत आए नहीं है।