मोड़ में पलटा डस्ट से भरा ट्रक क्लीनर की दबकर मौत
नवाडीह (बलरामपुर)| त्रिकुंडा थाना अंतर्गत नवाडीह के पास सोमवार की रात स्टोन डस्ट लेकर जा रहा एक ट्रक मोड़ में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में दबकर क्लीनर की मौत हो गई। ड्राइवर कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि एक ट्रक ड्राइवर सोमवार को रेनूकूट से स्टोन डस्ट लेकर रामानुजगंज तरफ जा रहा था। वे देर रात नवाडीह के पास पहुंचे थे। इसी दौरान घाटी के खतरनाक मोड़ में ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ड्राइवर इससे पहले ही कूद गया। क्लीनर बिहारीलाल सिंह 20 वर्ष केबिन में ही रह गया और दबकर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से क्लीनर के शव को बाहर निकलवाया। वह रामानुजगंज थाना क्षेेत्र के आरागाही गांव का रहने वाला था। सूचना पर सुबह उसके परिजन पहुंचे। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में फरार ड्राइवर के खिलाफ धारा 304 ए के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।