पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रामदेवरा में पेयजल आपूर्ति ठप , ग्रामीणों ने किया घेराव

रामदेवरा में पेयजल आपूर्ति ठप , ग्रामीणों ने किया घेराव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | रामदेवरा

ग्राम पंचायत के राजस्व गांवों और ढाणियों में पिछले कई दिनों से चल रही पेयजल की समस्या को लेकर परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को जलदाय विभाग के कार्यालय को घेराव कर पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने की मांग की।

गौरतलब है कि रामदेवरा ग्राम पंचायत में करीब 20 दिनों से पेयजल की समस्या के कारण ग्रामीणों का जीना बेहाल हो गया है। रामदेवरा में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के कारण रामदेवरा में ग्रामीणों को अपने और पशुधन के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। पेयजल की समस्या के कारण रोष में आए ग्रामीणों ने मंगलवार को जलदाय विभाग के रामदेवरा स्थित भवन में पहुंच भवन का घेराव कर जेईएन के सामने पेयजल की समस्या को रखा। गुस्साए ग्रामीणों ने इस दौरान विभाग के उच्चाधिकारियों को भी सूचित किया। लेकिन इस दौरान कोई भी उच्चाधिकारी रामदेवरा नहीं पहुंचा।

इस दौरान ग्रामीण रावतसिंह, भंवरसिंह, माधुसिंह, राणीदानसिंह, समंदरसिंह के साथ बड़ी मात्रा में ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से पेयजल आपूर्ति सही करने की मांग की। ग्रामीणों के द्वारा जलदाय विभाग के अधिकारियो को सुचित करने पर विभाग के उच्चाधिकारियों को रामदेवरा ग्राम पंचायत की पेयजल की समस्या के बारे में अनजान दिखे। वहीं विभाग के अधिकारियों से वस्तुस्थिति जानने पर विभाग के पास पानी की सप्लाई के लिए पर्याप्त बूस्टर ही नहीं है।

रामदेवरा ग्राम पंचायत के विभाग के जेईएन गोपालसिंह मीणा ने बताया की ठेकेदार के द्वारा पहले उपयोग में लिए गए सभी बूस्टर अभी खराब पड़े है और विभाग के द्वार उन्हें बूस्टर और अन्य सामान की सप्लाई नहीं करवाई जा रही है जिसके कारण रामदेवरा ग्राम पंचायत में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। इस दौरान जेईएन ने रामदेवरा ग्राम पंचायत को लिखित में रिपोर्ट पेश कर 2 अतिरिक्त बूस्टर लगाने की मांग की है जिससे की देवरा ग्राम पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।

जलदाय विभाग के द्वारा रामदेवरा में पेयजल व्यवस्था को सुचारु करने के लिए नहरी विभाग के साथ विभाग से भी उपकरणों की मांग की जा रही है, जल्दी ही रामदेवरा ग्राम पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुचारू किया जायेगा। गोपालसिंह मीणा, जेईएन जलदाय विभाग

नहीं पहुंचे कोई उच्चाधिकारी, विभाग के पास नहीं है पानी सप्लाई के पर्याप्त बूस्टर

खबरें और भी हैं...