भास्कर संवाददाता | रामदेवरा
लोक देवता बाबा रामदेव के प्रति लोगों में आस्था का ज्वार इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में भी कम नहीं हो रहा है। 50 वर्ष की उम्र में रिकार्ड 48 वीं बार पद यात्रा कर बाबा के भक्त 225 किमी का सफर 6 दिनों में पूरा कर रामदेवरा पहुंचे। 43 डिग्री के तापमान में भी सैकड़ों किलोमीटर का लंबा सफर तय कर श्रद्धालु पदयात्रा कर रामदेवरा पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। कोलकाता निवासी पवन अग्रवाल और उनके परिवारजन रिकॉर्ड 48 वीं बार पदयात्रा कर बीकानेर से रामदेवरा तक का सफर करीब 6 दिनों में पूरा करके रामदेवरा पहुंचे। पवन अग्रवाल ने बताया कि बाबा के प्रति उनकी अपार आस्था है और फिर आंधी हो या तेज गर्मी उन्हें किसी चीज का कोई फर्क नहीं पड़ता। वह अपने श्रद्धा व आस्था के साथ परिवार के साथ यात्रा करते हैं इस बार उनकी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हुई। अब आगे भी वे अपनी यात्रा का आयोजन करते रहेंगे। गौरतलब है कि देश के कोने-कोने से इन दिनों ग्रीष्मकालीन अवकाश में हजारों श्रद्धालु यात्रा कर रामदेवरा पहुंच रहे हैं। उनके ऊपर भीषण गर्मी और तापमान भी कोई मायने नहीं रख रहा है। श्रद्धा व आस्था का जुनून भक्तों पर भारी पड़ रहा है। कोलकत्ता के सभी श्रद्धालुओं ने मखमली घोड़ा व चांदी का छत्र चढ़ाकर पूजा अर्चना सभी का जोश व उत्साह चरम पर देखने को मिला। इस अवसर पर कोलकत्ता निवासी पवन अग्रवाल, विशाल, उत्सव कुमार, कैलाश, मीना, कीर्ति व उन्नति कुमारी सहित अन्य लोगों ने शिरकत की। रामदेवरा पहुंचने पर सभी पद जातरुओं का स्वागत किया गया।
रामदेवरा. पैदल यात्रा कर रामदेवरा पहुंचे कोलकाता के श्रद्धालु