केंद्र और राज्य के साथ नप में भी भाजपा होगी, तभी समन्वय से होगा विकास
रामगढ़| नगर परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी रामगढ़ पहुंचे। उन्होंने लोगों को टूटी झरना में संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के साथ-साथ नगर परिषद में भी भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी, तभी समन्वय बनाकर विकास योजनाओं को धरातल में उतारा जा सकेगा। इससे लोग सरकार के कल्याणकारी योजनाओं को लाभ ले सकेंगे। अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आनंद बेदिया एवं उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रंजीत पांडे को 16 अप्रैल को मतदान कर भारी मतों से जिताएं। सभा को केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा सहित कई भाजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। मौके पर कुमार महेश सिंह, प्रेम सिंह, डॉ संजय सिंह शिव शंकर बनर्जी, अमरेंद्र गुप्ता, बैजनाथ प्रसाद गुप्ता, प्रकाश मिश्रा, बिरसा हांसदा, राजू चतुर्वेदी, दिवाकर प्रसाद सिंह, संत राज पासवान, संजय सिन्हा, जगेश्वर प्रजापति, मधु गुप्ता, सर्वेश सिंह, कंचन पाठक सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।