रामगढ़ दामोदर नदी के तट पर मुक्ति धाम घाट में दाह संस्कार स्थल का नव निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण कार्य झारखंड प्रदेश मुक्ति धाम(घाट) नव निर्माण समिति से कराया जा रहा है। समिति द्वारा रामगढ़ सहित रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा में भी घाट का नव निर्माण कार्य कराया जा रहा है। समिति के प्रदेश संयोजक, अखिल भारतीय गोशाला संघ के राष्ट्रीय चेयरमैन(संगठन), अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के निवर्तमान महामंत्री बसंत मित्तल ने बताया कि चार दानदाताओं के सहयोग से रामगढ़ के घाट में दाह संस्कार नव निर्माण कर चूल्हा बनाया जा रहा है। अब, पांच क्विंटल लकड़ी की जगह दो क्विंटल लकड़ी से दाह संस्कार किया जा सकेगा। वहीं, इस चूल्हा में गोबर ब्रिक्स से भी दाह संस्कार हो सकता है। इसमें, रामगढ़ के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन के रामगढ़ नगर अध्यक्ष प्रकाश पटवारी ने इस कार्य को जन उपयोगी बताया है।