ग्राम पंचायत ने दो जगह से हटवाया अतिक्रमण
ग्राम पंचायत पिपरोली ने तहसील प्रशासन के सहयोग से गांव के दो मुख्य मार्गों से कच्चे-पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया है। सरपंच सरीना इस्ताक खान के अनुसार अलवर-रामगढ़ मुख्य मार्ग से अटल सेवा केंद्र पिपरोली को जाने वाले सड़क मार्ग व अलवर मुख्य मार्ग से गांव के राजकीय स्कूल को जाने वाले मार्गों पर अतिक्रमण कर मार्ग को अवरुद्ध कर रखा था। इस पर तहसील प्रशासन व रामगढ़ थाना पुलिस का सहयोग लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जेसीबी मशीन द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों तरफ कच्चे और पक्के अतिक्रमणों को हटाया गया। सरीना इस्ताक के अनुसार इस कार्रवाई से पूर्व अतिक्रमण के कारण रास्ते मात्र 8 फीट चौड़े रह गए थे। सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करते हुए लगभग 24 फुट चौड़ा कर दिया गया है। इस दौरान कानूनगो कैलाश मीणा, ग्राम पंचायत सचिव मुकेश शर्मा, हल्का पटवारी पिपरोली शोभा कुमारी व रामगढ़ थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर मौजूद रहा।