एमआईए थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में गुप्त चैंबर बनाकर हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही अंग्रेजी शराब के पव्वों से भरी 59 पेटियां व 99 बोतल बरामद की है। शनिवार दोपहर तीन बजे बख्तल की चौकी पर पकड़े गए ट्रैक्टर में तस्करी के लिए अपनाए गए हैरत करने वाले तरीके से अामजन सहित पुलिस भी अचंभित रह गई। पुलिस की कार्रवाई में अारोपी ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। लेकिन पुलिस को हरियाणा से तस्करी कर जिले में लाई जा रही शराब का भंडाफोड़ करने में कामयाबी मिल गई। थानाधिकारी धर्मसिंह के अनुसार सूचना पर बख्तल की चौकी पर एक ट्रैक्टर को जांच के लिए रोका गया। उस समय किसी ने भी अंदाजा लगाया कि बाहर से साधारण सी दिखने वाली ट्रैक्टर की ट्राॅली में इस तरह शराब भी भरी जा सकती है। शराब तस्करों ने किसी को शक ना हो इसके लिए ट्राॅली के निचले फाउंडेशन वाले हिस्से व ट्राॅली के अंदर सामान रखने वाले ऊपरी हिस्से में अलग-अलग गुप्त चैंबर बना रखे थे। इन दोनों गुप्त चैंबरों से पुलिस ने हरियाणा की शराब बरामद की है। पुलिस ट्रैक्टर मालिक व शराब तस्करों की बारे में जानकारी जुटा रही है।
रामगढ़. एमआईए थाना पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली से बरामद की गई हरियाणा मार्का शराब।
देशी शराब के अवैध ठेके पर कार्रवाई
राजगढ़ | कस्बे के विकास कॉलोनी स्थित शराब के ठेके पर शुक्रवार शाम एसडीएम पवन कुमार ने कार्रवाई की। विकास कॉलोनी में संचालित देशी शराब के ठेके पर एसडीएम के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की दो पेटियां जब्त कर सेल्समैन को हिरासत में लिया। एसडीएम ने बताया कि अवैध रूप से ठेके के संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इस पर मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकायत सही पाई गई। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके से देशी शराब की दो पेटियों को जब्त कर सील किया एवं 1120 रुपए की नकद राशि सहित सेल्समैन को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि अगर अवैध रूप से संचालित ठेको की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।