खरौंधी थाना पुलिस के तत्वाधान में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में चल रहे नशामुक्ति की मुहिम के तहत रविवार को अरंगी पंचायत में शराबबंदी अभियान चलाया गया। इस क्रम में खरौंधी थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में शराबबंदी सह नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान कई घरों से जावा महुआ, शराब व शराब बनाने का सामान बरामद हुआ। जबकि कुछ लोगों ने मुहिम से प्रभावित होकर स्वयं ही शराब व शराब बनाने के उपकरण नशामुक्ति में शामिल लोगों के समक्ष रख दिए व इस नशामुक्ति अभियान में शामिल हो गए। अभियान के लोगों ने उक्त लोगों का इस मुहिम में स्वागत किया व उनके सहयोग से उनके द्वारा प्रस्तुत शराब के सारे सामान नष्ट किए। इस दौरान थाना प्रभारी उक्त लोगों सहित उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति-शराबबंदी की सपथ दिलाई। तत्पश्चात पूर्ण शराबबंदी को लेकर एक विचार-गोष्ठी का आयोजन किया।
रैली में पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी नागरिक, ग्रामीण महिला-पुरुष व काफी संख्या में स्कूली छात्र शामिल हुए। सभी लोगों ने एक स्वर से शराबबंदी की इस अनोखे पहल व प्रखंड क्षेत्र के छह पंचायतों में लागू पूर्ण शराबबंदी की सफलता से प्रेरित होकर अपने पंचायत क्षेत्र में पूर्ण शराबबंदी का संकल्प दोहराया। इस निमित लोग पंचायत क्षेत्र के अरंगी, तरेलावा, गटियरवा, कसियड़वा, बहेरवा, किसुनअहरा व दामर आदि गांव-टोलों में घर-घर जाकर इस नशामुक्ति की मुहिम में सहयोग की अपील की। इस दौरान लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर नशा व नशा का व्यापार बंद करने का आग्रह किया। गोष्ठी में नशा से कैसे निजात पाया जाए व इस निमित पूर्ण शराबबंदी लागू करने को लेकर गहन मंत्रणा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से नशामुक्ति सह निगरानी कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में पंचायत क्षेत्र के सभी गांव/टोले के लोगों को शामिल किया गया। यह कमेटी पंचायत क्षेत्र में नशा व नशा के व्यापार/कारोबार पर निगरानी करेगी, लोगों को जागरूक करेगी व इस निमित आवश्यक सुझाव/अनुशंसा प्रेषित करेगी। मौके पर थाना प्रभारी ने कहा कि उनकी योजना संपूर्ण थाना क्षेत्र में पूर्ण शराबबंदी लागू कर क्षेत्र में अमन-चैन स्थापित करने की है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र में शराबबंदी बल प्रयोग से नहीं, बल्कि लोगों के सहयोग/सहमति से लागू किया जाए। सामूहिक सहयोग से ही नशाग्रस्त युवा पीढ़ी को नशा से दूर कर नशामुक्त/अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उपप्रमुख गोरखनाथ चौधरी ने थाना प्रभारी की मुहिम की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रखंड क्षेत्र के तमाम पंचायत प्रतिनिधि इस मुहिम का समर्थन करते हैं। इसके लिए गढ़वा जिला उपप्रमुख संघ व प्रखंड की संपूर्ण जनता हर संभव सहयोग करने को तैयार है। मुखिया शिवकुमार प्रसाद ने कहा कि पंचायत में आज से पूर्ण शराबबंदी लागू हो गई। आज के बाद पंचायत क्षेत्र में नशापान करना अपराध है। इसमें लिप्त पाए जाने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। उनके खिलाफ सामाजिक अर्थदंड के साथ नवगठित ग्राम कमेटी के माध्यम से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पूर्व मुखिया डॉ. रामनाथ मेहता, पंसस विजय मेहता, वार्ड सदस्य बबीता देवी, रामपृत चौधरी व राजकरण राम, उपेंद्र कुशवाहा, लीलवा देवी, धनवंती कुमारी, किसमतिया देवी, शांति देवी, सुषमा देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं स्कूली छात्र उपस्थित थे। जबकि पुलिस दल में एएसआई अखिलेश्वर सिंह, एएसआई सिरिशचंद्र महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
नशामुक्ति अभियान में खरौंधी के लोगों को पूरा सहयोग मिल रहा है, थाना प्रभारी के कार्यों की सराहना की
अभियान में शामिल लोग।
शराब के सामान नष्ट करते लोग।
तीन मई से संपूर्ण थाना क्षेत्र में शराबबंदी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र के सभी नौ पंचायतों में से छह पंचायतों में सफलता पूर्वक पूर्ण शराबबंदी लागू है। सातवें पंचायत के रूप में आज से अरंगी पंचायत में शराबबंदी लागू हो गई। अगले दो रविवार यानी 27 अप्रैल व तीन मई को शेष दो पंचायतों चंदनी व सूंडी में इस मुहिम के तहत अभियान चलाकर पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी। इसके साथ ही संपूर्ण थाना क्षेत्र में शराबबंदी लागू कर प्रखंड स्तरीय कोर कमेटी सह निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। इसके द्वारा पूरे थाना क्षेत्र में शराब का अनुश्रवण/निगरानी व विभिन्न प्रकार के जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम चलाए जाएगें।