खरौंधी | अरंगी पंचायत के गटिअरवा गांव में सरकारी हैंडपंप के पास शौचालय बनाए जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण राजकेश्वर मेहता, भीखू मेहता, संतोष मेहता, विजय मेहता, दशरथ मेहता, अजय मेहता आदि ने बताया गांव के ही रामस्वरूप मेहता को शौचालय निर्माण की योजना मिली है। रामस्वरूप मेहता द्वारा सरकारी हैंडपंप से लगभग 5-6 फीट की दूरी पर शौचालय बनवाया जा रहा है। जबकि सरकारी निर्देशानुसार हैंडपंप से 10 मीटर दूर शौचालय को बनवाना है। अगर शौचालय को हैंडपंप से दूर नहीं बनवाया गया तो शौचालय को हमलोग किसी हाल में नहीं बनने देंगे। नसंमो नेता डॉ. रामनाथ मेहता ने बताया अरंगी पंचायत में पीएचडी विभाग से 873 शौचालय बनवाया जा रहा है। 30 मई तक खरौंधी प्रखंड को ओडीएफ करने के नाम पर आनन-फानन में घटिया शौचालय बनवाया जा रहा है। निर्माण के 10 दिन भी नहीं हुआ है कि शौचालय टूटकर गिरने लगा है। इस संबंध में लाभुक रामस्वरूप मेहता ने बताया हैंडपंप लगभग दो साल से खराब है। हैंडपंप चालू रहता तो मैं खुद ही यहां शौचालय नहीं बनवाता ।
जल स्त्रोत से शौचालय की दूरी कम से कम 10 मीटर होनी चाहिए : इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता राधेश्याम रवि ने कहा कि अगर हैंडपंप के पास शौचालय बनाया गया है तो गलत किया गया है। जल स्त्रोत से शौचालय की दूरी कम से कम 10 मीटर होनी चाहिए। जिससे पीने वाला पानी दूषित न हो सके।